Breaking News

जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा, पुलिस-एसटीएफ की संयुक्त कार्यवायी में नकली दस्तावेजों का जखीरा बरामद

जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा, पुलिस-एसटीएफ की संयुक्त कार्यवायी में नकली दस्तावेजों का जखीरा बरामद

ख़बरीलाल खोज(मनीश बावा ) रुद्रपुर: जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस एवं एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केन्द्र” में छापेमारी की गई। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे। मौके से चेतन कुमार (21 वर्ष) पुत्र राजपाल, निवासी ग्राम एन्चौरा थाना पटवाई जिला रामपुर (उ0प्र0), हाल निवासी गड्ढा कॉलोनी शिमलाबहादुर, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन के माध्यम से ग्राहकों की फोटो, नाम और पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अंकतालिकाएं तैयार करता था। इन दस्तावेजों का उपयोग विशेष रूप से सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी प्राप्त करने के लिए किया जाता था। छापेमारी के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर भी फर्जी मार्कशीट की प्रतियां प्रदर्शित मिलीं।
पुलिस ने मौके से एक प्रिंटर, मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, बायोमैट्रिक स्कैनर, 40 फर्जी आधार कार्ड, 53 फर्जी पैन कार्ड, कूटरचित अंकतालिकाएं, फोटोशीट पेपर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैम्प में मुकदमा एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फर्जी दस्तावेज बनवाने या उपयोग करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.