पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मातृशक्ति को किया सम्मानित
रुद्रपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि समाज की प्रगति का मार्ग नारी शक्ति के सशक्तिकरण से होकर ही गुजरता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं और परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ठुकराल ने ट्रांजिट कैंप की संघर्षशील और जागरूक महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन मातृशक्तियों का सम्मान करना उनके लिए गौरव की बात है।
सम्मान समारोह के दौरान पूर्व विधायक ने क्षेत्र की प्रतिष्ठित महिलाओं— देवकी नेगी, चंपा तिवारी, गायत्री पांडे, समता शर्मा, दीप्ति संधू, हेमा राणा, निर्मला चंद, कविता, सरिता चौधरी और प्रीति धीर को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।




