Breaking News

पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक घर पहुंचकर हंगामा किया और परिवार को धमकाया। इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बनाया। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने करीब एक माह पूर्व आत्महत्या कर ली थी। परिजन घर के सामने एसी की दुकान चलाने वाले रमन कक्कड़ को इसके लिए जिम्मेदार मान रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य लोगों ने सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया। इसी दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर धमकाया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश की। सोमवार को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आने वाला दीपक कुमार रामपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन कक्कड़ (32) निवासी केसरपुर, रुद्रपुर और दीपक कुमार (26) निवासी मजरा झुण्डी सकैनिया, गदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Advertisement

बरामदगी
एक लोडेड .30 बोर पिस्टल
छह जिंदा कारतूस (.30 बोर)

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.