ड्यूटी पर नशा करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी बर्खास्तगी तक की कार्यवाई : एसएसपी अजय गणपति
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, फिटनेस तथा कर्तव्यनिष्ठा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे की हालत में ड्यूटी करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
परेड निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा तथा विभाग की प्रतिष्ठा के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के निर्देश दिए।
साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस का परीक्षण भी किया गया। एसएसपी ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।


