14 किलो गांजे के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे से एक व्यक्ति को करीब 14 किलो अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग कर रही है। इसी क्रम में रोडवेज बस अड्डा रुद्रपुर पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। उसके पास मौजूद दो बैगों से 14 बंडलों में करीब 14 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोगेन्द्र कुमार (62) पुत्र रामसेवक यादव, निवासी जयपुर, थाना मेहंदिया, जिला अरवल, बिहार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा और कांस्टेबल प्रवीन रावत शामिल रहे।



