शादी का झांसा, फिर धमकी… लंबे समय से फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार
रुद्रपुर। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और शादी के लिए कहने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते से दबोचा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस लगातार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पूनम रावत पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, दो जुलाई 2026 को एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सोहेल कसार पुत्र आरिफ कसार, निवासी छिनकी आजादनगर, किच्छा ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पूनम रावत को सौंपी गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था। 23 सितंबर को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी मोदी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक पूनम रावत ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी सोहेल कसार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की उम्र 21 वर्ष है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


