किच्छा में नशे के नेटवर्क पर पुलिस ने 1200 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर दबोचा
किच्छा। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने दरऊ चौकी क्षेत्र में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1200 SPASMED BLUE कैप्सूल बरामद किए। बरामद कैप्सूलों में करीब 462 ग्राम मनःप्रभावी औषधि बताई गई है।पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को क्षेत्राधिकारी एएनटीएफ प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ रुद्रपुर और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम दरऊ चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वीरूनगला जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1200 SPASMED BLUE कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी की पहचान छोटे खाँ पुत्र शोहराब खान, निवासी ईश्वरीपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक बरामद मात्रा वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशीले कैप्सूल किच्छा निवासी अनीस अहमद से प्राप्त करता था और नशे के आदी युवकों को बेचता था। पूछताछ में टांडा बहेड़ी क्षेत्र में क्लिनिक की आड़ में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के कारोबार की जानकारी भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
इस जानकारी के बाद पुलिस अब कथित सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
बाइक, मोबाइल और नकदी भी बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 1200 नशीले कैप्सूलों के अलावा एक पैशन मोटरसाइकिल, 650 रुपये नकद और वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
एसएसपी का साफ संदेश—नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। नशे के कारोबार में संलिप्त तस्करों और उनके नेटवर्क के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से नशे की तस्करी या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने और नशामुक्त ऊधमसिंहनगर के अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्रवाई करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, प्रभारी एएनटीएफ रुद्रपुर; उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप बिष्ट, एएनटीएफ; उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, चौकी प्रभारी लालपुर, कोतवाली किच्छा; हेड कांस्टेबल भुवन पांडेय, कांस्टेबल विनोद खत्री, महिला कांस्टेबल कल्पना नेगी, कांस्टेबल मनोज सिंह समेत पुलिस टीम कार्रवाई में शामिल रही।


