आकाशीय बिजली और अति भारी बारिश का खतरा, ऊधमसिंह नगर में कल स्कूल बंद
रुद्रपुर। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ते मिजाज और भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की चेतावनी को देखते हुए ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में 26 सितंबर, शनिवार को कक्षा-12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अति तेज बारिश की संभावना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले जलप्रवाह के चलते ऊधमसिंह नगर में बहने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 26 सितंबर को विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।


