Breaking News

ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, किसानों को राहत दिलाने के लिए डीएम सख्त,ड्रोन से होगा नुकसान का सर्वे

ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, किसानों को राहत दिलाने के लिए डीएम सख्त,ड्रोन से होगा नुकसान का सर्वे

बाजपुर-गदरपुर में फसल क्षति का आकलन तेज करने के निर्देश, बिजली बिलों की भी होगी समीक्षा

खबरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फसल क्षति का आकलन तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके।

 

शुक्रवार को फसल नुकसान के आकलन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, गन्ना, राजस्व विभाग और अग्रणी बैंक अधिकारी की संयुक्त टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसलों को हुए नुकसान का सटीक आकलन किया जाए, जिससे प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

 

डीएम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का ड्रोन सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए। इससे नुकसान की स्थिति का व्यापक आकलन करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के बिजली बिलों का भी आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता से काम करने और सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा। अब प्रशासन का जोर नुकसान का आकलन जल्द पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजने पर है।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.