सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 52 वाहनों के चालान—15 सीज
रुद्रपुर में तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और फिटनेस-परमिट उल्लंघन पर कार्रवाई
खबरीलाल खोज ( मनीश बावा )रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) हल्द्वानी के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान में रुद्रपुर क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वाले 52 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन मिलने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) रुद्रपुर नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, क्षमता से अधिक भार ढोने, फिटनेस और परमिट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।चेकिंग में बिना ड्राइविंग लाइसेंस के छह चालान किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के आठ मामले सामने आए। इसके अलावा फिटनेस, परमिट और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी पर भी आठ वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। कृषि वाहनों/दोपहिया वाहनों से संबंधित भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में खलबली रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस और परमिट के वाहन संचालन जैसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।ARTO नवीन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुगम बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं दी जाएगी।


