फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन दबोचे, तीन अवैध असलहे बरामद
ट्रांजिट कैंप के शिव एन्क्लेव में फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ का खुलासा, पिस्टल-तमंचों के साथ पकड़े गए आरोपी; दो के खिलाफ पहले से कई मुकदमे
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में रात के अंधेरे में फायरिंग कर दहशत फैलाने और वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .315 बोर के अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के कहने पर कॉलोनी में घुसकर हवाई फायरिंग करने और वाहन क्षतिग्रस्त करने की बात कबूल की है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि जनपद में फायरिंग कर आम लोगों में भय पैदा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
दोस्त को लेने पहुंचे, फायरिंग कर मचाई दहशत
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव में साजेब उर्फ अरमान अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। कॉलोनी के लोगों को इसकी भनक लगी तो वहां भीड़ जमा हो गई। साजेब मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार वहीं छूट गई। इसके बाद उसके साथी समीर मलिक का फोन आरोपियों को आया और उन्हें कार वापस लाने के लिए शिव एन्क्लेव पहुंचने को कहा गया।
आरोपियों के अनुसार जब वे कॉलोनी पहुंचे तो वहां काफी भीड़ थी। इसके बावजूद साथियों के कहने पर उन्होंने कॉलोनी में घुसते ही हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों में भाग गए। इसके बाद कार लेने का प्रयास किया, लेकिन कार के टायरों के नट खुले होने के कारण उसे वहां से नहीं ले जा सके।
कार नहीं ले जा पाने पर आरोपियों ने कथित रूप से गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और फिर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर तीनों को दबोचा
घटना के संबंध में 25 सितंबर को थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा संख्या 304/2026, धारा 324(2), 351(2) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना व0उ0नि0 मुकेश मिश्रा को सौंपी गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सोमवार को सूचना मिली कि घटना में शामिल तीन युवक एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के नीचे खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
किसके पास क्या मिला
- नन्दू के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस।
- सोहेल के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस।
- सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस।
आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नन्दू के खिलाफ वर्ष 2022 और 2023 में हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोहेल और सुमित अधिकारी के खिलाफ भी वर्ष 2026 में मारपीट, धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


