CII उत्तराखंड ने कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी की घोषणा, अशोक अग्रवाल अध्यक्ष और सौरभ अग्रवाल बने उपाध्यक्ष
एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को मिली अहम जिम्मेदारी, क्षेत्र में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर
खबरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तराखंड ने कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इसके तहत श्री अशोक अग्रवाल को कुमाऊं जोन का अध्यक्ष तथा एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक श्री सौरभ अग्रवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई नियुक्तियों का उद्योग जगत ने स्वागत करते हुए दोनों पदाधिकारियों को बधाई दी और उनसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने की अपेक्षा जताई।
नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक अग्रवाल को चावल प्रसंस्करण, विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उनके नेतृत्व में सीआईआई और कुमाऊं के उद्योग जगत के बीच समन्वय मजबूत होने के साथ औद्योगिक विकास, आपसी सहयोग और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, नवनियुक्त उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल औद्योगिक गैस, खनन, ऑटोमोबाइल और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का अनुभव रखते हैं। संयंत्र संचालन और औद्योगिक विकास में उनकी विशेषज्ञता क्षेत्र के उद्योगों के बीच साझेदारी मजबूत करने तथा सीआईआई की विभिन्न पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
नई कार्यकारिणी से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और उभरते व्यवसायों को प्रोत्साहन देने, उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा उत्तराखंड के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की उम्मीद जताई गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सभी औद्योगिक समूहों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और उद्योग जगत के हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।



