1200 सीसीटीवी कैमरे खंगाल बाजपुर पुलिस ने पकड़ा जेसीवी चोर, सात लाख में बेचने का था सौदा
खबरीलाल खोज (मनीश बावा) बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस ने जेसीबी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से चोरी की मशीन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की जेसीबी को सात लाख रुपये में बेचने की योजना थी। घटना की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला टांडा बंजारा निवासी दिलशाद पुत्र अनवार हुसैन की जेसीबी मशीन संख्या UK18CA-4838 को उनके पार्टनर एवं चालक राशिद अली ने पांच अक्टूबर 2026 को काम खत्म होने के बाद बाजपुर के मुंडिया पिस्तौर स्थित शान-ए-पंजाब होटल के सामने खड़ा किया था। सात अक्टूबर की सुबह जब राशिद मशीन लेने पहुंचा तो जेसीबी मौके से गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी मशीन का पता नहीं चला
दिलशाद की तहरीर पर 11 अक्टूबर को कोतवाली बाजपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस टीमों को जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में गठित टीमों ने घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्गों, चौराहों और टोल प्लाजा पर लगे 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार करीब एक सप्ताह तक की गई जांच में जेसीबी के उत्तर प्रदेश की ओर जाने का सुराग मिला।इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मुखबिरों और हाईवे के ढाबा संचालकों व दुकानदारों से पूछताछ के जरिए संदिग्धों की तलाश तेज की। तकनीकी विश्लेषण और जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को संभल जिले के बहजोई क्षेत्र से मथुरा निवासी 34 वर्षीय यूनिस उर्फ सोनू को चोरी की जेसीबी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने जेसीबी का सौदा सात लाख रुपये में होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पप्पू, रंजीत, शहनवाज, प्रशांत और अंशु निवासी बाजपुर के नाम भी सामने आए। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जेसीबी को बाजपुर से चोरी कर बुलंदशहर तक ले जाया गया था। पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जेसीबी बरामद होने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश नगरकोटी, देवेंद्र सिंह मेहता, संदीप शर्मा सहित कोतवाली बाजपुर के पुलिसकर्मी और एसओजी काशीपुर के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की वारदात में उनकी कथित भूमिका और पूरे घटनाक्रम की अन्य कड़ियों का पता चल सकेगा।



