चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए 96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने सर्किट हाउस और रजत जयंती पार्क का किया लोकार्पण, हर ग्राम सभा को 10 लाख देने की घोषणा
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में करीब 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना सरकार का संकल्प है। अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं पर काम किया जा रहा है। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आइएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।
66 करोड़ से होगा जलभराव की समस्या का समाधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और ई-लाइब्रेरी बनेगी
मुख्यमंत्री जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की। साथ ही जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवनों का निर्माण कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है। सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
संगठनों और जनप्रतिनिधियों से सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति और मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
मुख्यमंत्री के चम्पावत पहुंचने पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



