Breaking News

ममता शर्मसार: नवजात को चर्च के पास छोड़ा, मां समेत तीन गिरफ्तार

ममता शर्मसार: नवजात को चर्च के पास छोड़ा, मां समेत तीन गिरफ्तार


 रुद्रपुर के सेंट जॉन चर्च के पास कार के नीचे कपड़े में लिपटी मिली थी बच्ची, गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर; पुलिस ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से तीनों को पकड़ा

 

रुद्रपुर। सिंह कॉलोनी स्थित सेंट जॉन चर्च के पास नवजात बच्ची को छोड़ने के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने बच्ची की मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची 17 अक्टूबर को चर्च रोड पर खड़ी कार के नीचे कपड़े में लिपटी मिली थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले जिला अस्पताल रुद्रपुर और फिर सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया।  पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिंह कॉलोनी, गली नंबर एक, चर्च रोड स्थित सेंट जॉन चर्च के पास एक नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे एनआईसीयू में रखा गया। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। मामले की जानकारी चाइल्ड केयर कमेटी को भी दी गई। इस संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 548/2026, धारा 91 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार, विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर 19 अक्टूबर को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजादनगर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें शीतल (23), नवजात बच्ची की मां, लीलावती (45) और मुनीश पाल (30) शामिल हैं। शीतल और लीलावती आजादनगर, ट्रांजिट कैंप की निवासी हैं, जबकि मुनीश पाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के भगवंतापुर का निवासी है और वर्तमान में आजादनगर में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बच्ची का जन्म 16 अक्टूबर की रात बिलासपुर स्थित एक अस्पताल में हुआ था और 17 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे घर ले जाने के बजाय चर्च के पास छोड़ दिया गया। विवेचना के अनुसार, दोनों महिलाएं मुनीश पाल की मोटरसाइकिल से बच्ची को घटनास्थल तक ले गई थीं।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी, कांस्टेबल हरीश रावत, महिला कांस्टेबल अनीशा आर्या और वाहन चालक नरेश जोशी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.