Breaking News

मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ,स्टालों का निरीक्षण कर लघु व्यापारियों का बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ,स्टालों का निरीक्षण कर लघु व्यापारियों का बढ़ाया उत्साह

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में प्रतिभाग करने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में जनसभा से पूर्व नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दिवाली मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लघु व्यापारियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने मेले में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए उत्पादों, सजावटी सामान और दीपावली से जुड़ी वस्तुओं के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने व्यापारियों से उनके व्यवसाय और उत्पादों के संबंध में जानकारी ली तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी महापौर विकास शर्मा की पहल पर नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के माध्यम से छोटे और लघु कारोबारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया था। पिछले वर्ष मिले सकारात्मक अनुभवों को देखते हुए इस बार भी दीपावली के अवसर पर स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया है।

महापौर विकास शर्मा की इस पहल का उद्देश्य केवल लघु व्यापारियों को दीपावली के दौरान कारोबार का अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शहर की सड़कों और प्रमुख बाजारों में लगने वाली ठेलियों को व्यवस्थित स्थान देकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना भी है। गांधी पार्क में मेले के आयोजन से छोटे व्यापारियों को एक निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने और ग्राहकों तक आसानी से पहुंचने का अवसर मिला है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वदेशी दिवाली मेले के माध्यम से स्थानीय लघु व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर छोटे व्यापारियों को कारोबार के लिए बेहतर अवसर मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। गांधी पार्क में मेले के आयोजन से जहां स्थानीय व्यापारियों को रोजगार और व्यवसाय का अवसर मिलेगा, वहीं शहर की सड़कों पर लगने वाली ठेलियों को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। नगर निगम का प्रयास है कि त्योहारों के अवसर पर आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिले।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.