कबाड़ गोदाम में चोरी का खुलासा, 115 किलो कॉपर स्क्रैप के साथ तीन गिरफ्तार
रुद्रपुर। शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने कबाड़ गोदाम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 115 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप, 12,940 रुपये नकद और चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया टैम्पो बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, पहाड़गंज निवासी परवेज पुत्र अब्दुल वाहिद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28/29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने मेडिसिटी हॉस्पिटल के पीछे स्थित उसके कबाड़ गोदाम का ताला तोड़कर कॉपर के तार और गल्ले में रखे 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान 2 नवंबर को चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग कर रही पुलिस टीम को सूचना मिली। इसके बाद रिंग रोड पर UK06TA8268 नंबर के टैम्पो को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान टैम्पो से कॉपर के पुराने तार और एसी व फ्रिज के कॉपर पुर्जों से भरे कट्टे बरामद हुए। सूचना पर पहुंचे गोदाम स्वामी ने बरामद कॉपर स्क्रैप की पहचान अपने चोरी हुए माल के रूप में की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिम (24) और गुड्डू उर्फ मोहम्मद हनीफ (34), निवासी पहाड़गंज रुद्रपुर तथा राजीव (21), निवासी सुभाषनगर, तेलमिल, डिबडिबा, थाना बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप, 12,940 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त टैम्पो बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 331(4), 317(2) एवं 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। बरामद नकदी के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहन चन्द्र जोशी, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, कांस्टेबल ललित मोहन और कांस्टेबल नवीन गिरी शामिल रहे।


