Breaking News

मारपीट कर बुलेट लूटने वाले चार गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से पांच मुकदमे

मारपीट कर बुलेट लूटने वाले चार गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से पांच मुकदमे


ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। सिडकुल कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करना और फिर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल व नकदी लूटना चार युवकों को भारी पड़ गया। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और 2,610 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, राजा कॉलोनी निवासी पवन कुमार 7 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे सिडकुल स्थित कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विवेकनगर के पास सुमित राजपूत उर्फ गन्ठा, सागर राजपूत, अभिषेक राजपूत और दीपक कुमार ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि चारों ने पवन के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद उनकी जेब से पांच हजार रुपये और एटीएम कार्ड निकालने के साथ ही बुलेट मोटरसाइकिल (UK06 BS 0244) लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक मनोज कुमार को जांच सौंपी गई। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 9 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोदी मैदान के पास पीपल के पेड़ के नजदीक दबिश दी। यहां लूटी गई बुलेट के साथ मौजूद चारों आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बुलेट लूटने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2,610 रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, बाकी रकम आरोपियों ने खर्च कर दी थी। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कई आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभिषेक राजपूत के खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में वर्ष 2025 के पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सागर राजपूत के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में तीन तथा सुमित राजपूत के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.