नाबालिग से जुड़े मुकदमे में बेटे पर कार्रवाई से नाराज मां टावर पर चढ़ी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा,अब महिला पर भी मुकदमा
बेटे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को प्रभावित करने और दबाव बनाने का आरोप, त्रिशूल चौक पर घंटों मचा हड़कंप
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। बेटे के खिलाफ नाबालिग से जुड़े मामले में चल रही कानूनी कार्रवाई से नाराज उसकी मां रविवार को रुद्रपुर के त्रिशूल चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदने की धमकी देकर हड़कंप मचा दिया। मौके पर जुटी भीड़, बाधित यातायात और महिला की खतरनाक स्थिति को देखते हुए पुलिस, फायर विभाग, एंबुलेंस व एसडीआरएफ को तत्काल बुलाया गया। संयुक्त प्रयासों से महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान रेखा गोस्वामी पत्नी बाबू गोस्वामी, निवासी जगनपुरी दिनेशपुर, मूल निवासी गरुड़ बागेश्वर, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। 22 नवंबर को त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने मोबाइल टावर पर महिला के चढ़ने की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
बेटे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को प्रभावित करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, थाना दिनेशपुर में मुकदमा संख्या 192/26, धारा 78, 79 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 व 12 के तहत दर्ज प्रकरण की विवेचना चल रही है। इसी मामले में महिला के आरोपी पुत्र को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। आरोप है कि बेटे के विरुद्ध चल रही विधिक कार्रवाई को प्रभावित करने तथा वादी और पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से महिला त्रिशूल चौक के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
टावर पर चढ़ने से यातायात भी प्रभावित
महिला के टावर पर चढ़ने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सार्वजनिक मार्ग और यातायात में अवरोध उत्पन्न हुआ। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। घबराई हुई महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस घटनाक्रम को लेकर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नाबालिग पीड़ित की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मूल प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।





