खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, विवाह समारोहों में शामिल होकर दी शुभकामनाएं, जनता की समस्याएं भी सुनीं
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार देर शाम अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत खटीमा पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में दो परिवारों के विवाह समारोहों से जुड़ी खुशियों में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं, वहीं अपने निजी आवास पर जनप्रतिनिधियों और आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
मुख्यमंत्री सबसे पहले ग्राम खेतलसंडा मुस्ताजर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम प्रधान रोहन चंद के आवास पर परिवारजनों से भेंट की। इस दौरान रोहन चंद के बड़े भाई रोहित चंद के विवाह के अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवार को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवदंपति के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए परिवार के सदस्यों से आत्मीय बातचीत भी की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम नौगवांनाथ पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान माया चंद के आवास पर परिवारजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के पुत्र के विवाह पर बधाई देते हुए नवदंपति के सुखी वैवाहिक जीवन, उज्ज्वल भविष्य और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री अपने निजी आवास नगला तराई पहुंचे, जहां क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में तत्परता बरतने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली, किशन सिंह किन्ना, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा सतीश भट्ट, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, एसएसपी अजय गणपति, रेखा यादव, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एडीएम विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।





