Breaking News

नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़ाई जाएगीः विकास शर्मा

नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़ाई जाएगीः विकास शर्मा,महापौर ने प्रशासन और शासन स्तर पर की पैरवी

 

ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते नंदा गौरा योजना के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र और अभिलेख प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने पात्र बालिकाओं के हित में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़वाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर पैरवी की है। इस समस्या को लेकर महापौर ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर प्रभावित बालिकाओं की परेशानी से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से योजना की आवेदन अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया है। वहीं, महापौर विकास शर्मा ने भी शासन स्तर पर इस विषय को लेकर वार्ता और पैरवी की है। इन प्रयासों के बाद नंदा गौरा योजना की निर्धारित अंतिम तिथि 30 नवंबर से आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण आम लोगों को आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में दिक्कतें हो रही हैं। इसका सीधा असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं पर पड़ रहा है। कई बालिकाएं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं। ऐसी स्थिति में यदि आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो अनेक पात्र बालिकाएं केवल प्रशासनिक परिस्थितियों के कारण सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना का लाभ लेने से वंचित हो सकती हैं।

 

महापौर ने कहा कि नंदा गौरा योजना प्रदेश सरकार की बेटियों के भविष्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी एक महत्वाकांक्षी योजना है। सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य को मजबूत आधार देना है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि किसी भी पात्र बालिका को आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर नहीं मिल पाने के कारण योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।

 

उन्होंने कहा कि इस विषय को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए शासन से आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। शासन स्तर पर भी इस संबंध में वार्ता की गई है और सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।

 

महापौर विकास शर्मा ने भरोसा दिलाया कि पात्र बालिकाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए और किसी भी बेटी को तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा के कारण इस योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही आवेदन की समयसीमा बढ़ाने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे प्रभावित बालिकाओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाकर आवेदन करने का पर्याप्त अवसर मिल सकेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.