Breaking News

रेशमबाड़ी मे लीलाधर हत्याकांड में एसएसपी मणिकांत मिश्रा का सख्त रुख,दो आरोपी गिरफ्तार,चार फरार

रेशमबाड़ी मे लीलाधर हत्याकांड में एसएसपी मणिकांत मिश्रा का सख्त रुख,दो आरोपी गिरफ्तार,चार फरार

मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकू से हमले में लीलाधर की मौत; चार अन्य नामजद आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में मामूली विवाद के बाद हुए चाकूबाजी और हत्या के मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में नामजद चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी निवासी राम अवतार के घर पहुंच गया। यहां परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। विवाद के दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वादी जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 के तहत धारा 103(1), 191(3), 118(1) और 352 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज की। इसी क्रम में 27 नवंबर को शाम 4:50 बजे किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18), निवासी वार्ड संख्या 12 रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19), निवासी वार्ड संख्या 13 दूधियानगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश गया है। शेष चार नामजद आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.