Breaking News

रुद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई,9 अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा, 2 मशीनें सील

Share

रुद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई,9 अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा, 2 मशीनें सील

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर : जनपद में अवैध लिंग चयन पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को रुद्रपुर ब्लॉक में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल के निर्देश पर पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत यह अभियान संचालित किया गया।
निरीक्षण टीम का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. एस. पी. सिंह और प्रभारी नायब तहसीलदार राधे श्याम राणा ने किया। टीम में लेखपाल अमित पांडे, विशेषज्ञ बिंदु वासिनी, जिला समन्वयक प्रदीप महर और अधिशासी सहायक गोपाल आर्य शामिल रहे।
टीम ने क्षेत्र के नौ अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों—गौतम चिकित्सालय, अहलावत अल्ट्रासाउंड सेंटर, के.एम.सी. हॉस्पिटल, चीमा हॉस्पिटल, मेडिसिटी हॉस्पिटल, छबड़ा आईवीएफ सेंटर, एस.बी.आर. अल्ट्रासाउंड सेंटर, श्रीराम नर्सिंग होम और महाराजा अग्रसेन चिकित्सालय—का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों की जांच, फॉर्म-एफ का सत्यापन और आवश्यक मानकों का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महाराजा अग्रसेन चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में दो अल्ट्रासाउंड मशीनें बंद पाई गईं, जिन्हें टीम ने तत्काल सील कर दिया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योग्य चिकित्सक की नियुक्ति के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
अभियान का उद्देश्य पीसीपीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाना है। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

editorkhabrilal


Share
error: Content is protected !!