मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सख्त: पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करें, चारधाम यात्रा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग एवं देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए और कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने हेली एंबुलेंस सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को शीघ्र उपचार मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों से संबंधित प्रस्तावों को एक विभाग से दूसरे विभाग में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और यदि किसी स्तर पर देरी होती है तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही वन विभाग में लंबित मामलों की अलग से समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए संभावित चुनौतियों के समाधान के लिए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री, विधायकगण एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

