Breaking News

नीलकंठ धाम अवैध,मेयर-विधायक पर हत्या की साजिश का आरोप

Share

नीलकंठ धाम अवैध,मेयर-विधायक पर हत्या की साजिश का आरोप

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर : शैलजा फॉर्म, गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाईचारा एकता मंच के अध्यक्ष के पी गंगवार ने आरोप लगाया है कि उक्त धार्मिक स्थल नजूल भूमि पर अवैध रूप से बना है और इसका मेयर विकास शर्मा से कोई संबंध नहीं है।
प्रेस को जारी बयान में गंगवार ने दावा किया कि नगर निगम ने माननीय न्यायालय में शपथ पत्र देकर यह स्वीकार किया है कि नीलकंठ धाम अवैध निर्माण है। उनके अनुसार, 23 जून 2021 को नगर निगम द्वारा इस संबंध में नोटिस जारी किया गया था, जिस पर विकास शर्मा ने स्वयं को इस स्थल से असंबद्ध बताया था।
गंगवार ने आगे कहा कि 7 जुलाई 2021 को सहायक नगर आयुक्त की जांच में भी निर्माण अवैध पाया गया, जिसके बाद 8 जुलाई 2021 को मंदिर समिति अध्यक्ष सचिन खुराना को नोटिस जारी कर स्थल खाली करने के निर्देश दिए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुसार 2016 के बाद किसी भी सरकारी भूमि पर धार्मिक स्थल का निर्माण प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नगर निगम कथित रूप से चयनात्मक कार्रवाई कर रहा है।
गंगवार ने आरोप लगाया कि किच्छा रोड स्थित उनके 1980 से बने मंदिर और कमरों को बिना विधिक प्रक्रिया के तोड़ने का प्रयास किया गया, जिसे 4 अक्टूबर 2025 को न्यायालय ने रोक दिया।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम के कुछ अधिकारी, मेयर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अज्ञात लोगों द्वारा उनके परिसर में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों की होगी।


Share
error: Content is protected !!