Breaking News

कागज़ दिखाने में देर पर बाइक सीज,हाईवे पर मौत बन चुके आवारा पशु, जिम्मेदार कौन — सुशील गाबा

कागज़ दिखाने में देर पर बाइक सीज,हाईवे पर मौत बन चुके आवारा पशु, जिम्मेदार कौन — सुशील गाबा

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)रुद्रपुर:हाईवे पर आवारा पशुओं का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। ग्राम अलखदेवा निवासी 35 वर्षीय परविंदर सिंह उर्फ पिंदर मक्कड़ की बीती रात दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले उनकी बाइक निराश्रित गौवंशीय से टकराई और इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि युवक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचों-बीच बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा रहा। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण देर रात ही सड़क पर जुट गए और यातायात बाधित हो गया। बाद में पुलिस द्वारा पंचनामा और शव को पोस्टमार्टम भेजने के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी।
मृतक परविंदर सिंह स्थानीय आस्था इलेक्ट्रॉनिक में हैवेल्स लॉयड कंपनी के कर्मचारी थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासन कागज़ों की जांच में तो सख्ती दिखाता है, लेकिन सड़कों पर घूम रहे सैकड़ों आवारा पशुओं की समस्या को नजरअंदाज करता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक ऐसे ही नौजवान अपनी जान गंवाते रहेंगे और उनके परिवार चीखते रहेंगे।
वहीं समाजसेवी जगदीश तनेजा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आरटीओ और एनएचएआई अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
स्थानीय युवाओं ने भी गहरा रोष जताते हुए कहा कि आवारा पशुओं के कारण लगातार हो रही मौतों के बावजूद प्रशासन गंभीर नहीं है, जो बेहद चिंताजनक है।
इस दुखद घटना के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और परिचित मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.