Breaking News

भाजपा नेता के भाई समेत अन्य पर मुकदमा, जानलेवा हमले का आरोप

Share

भाजपा नेता के भाई समेत अन्य पर मुकदमा, जानलेवा हमले का आरोप
सैकड़ों लोग पहुंचे कोतवाली, कार्यवाई की मांग के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी: दो युवक गंभीर

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। एलायंस गेट के पास शुक्रवार रात स्कूटी सवार दो युवकों को स्कार्पियो से टक्कर मारने और बाद में उनके साथ मारपीट व लोहे की राड से हमला करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता के भाई समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले को लेकर शनिवार को सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
गांधी कालोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अगस्त की रात करीब 10 बजे उसका भाई अभिषेक और बुआ का लड़का जतिन स्कूटी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि एलायंस गेट से करीब 50 मीटर आगे फ्लाईओवर पर पीछे से आई स्कार्पियो कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद कार चालक ने अभिषेक व जतिन के साथ अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि उसने फोन कर अपने भाई को मौके पर बुलाया, जो 10-12 युवकों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद घायल अवस्था में पड़े युवकों के साथ लोहे की राड से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। राहगीरों के हस्तक्षेप करने पर आरोपित मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले जतिन और आरोपित पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई है।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
परिजनों के अनुसार अभिषेक की हालत गंभीर है और उसे बरेली के राममूर्ति अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं जतिन का रुद्रपुर के गौतम अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे। लोगों ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर भाजपा नेता के भाई समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


Share
error: Content is protected !!