चैती मेले में सीएम धामी का ऐलान, मां बाल सुंदरी मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) काशीपुर:पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने चैती मेले के समापन कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मंदिर के सौंदर्यीकरण और परिसर विकास की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य चेती मेला कोष की धनराशि से कराया जाएगा। कार्यक्रम में भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लख्खा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
सीएम धामी ने कहा कि चैती मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने काशीपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सड़क चौड़ीकरण, पेयजल, सीवरेज और औद्योगिक परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मां बाल सुंदरी मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



