गदरपुर में पुलिस का एक्शन: ‘नक्टा’ का नशा नेटवर्क ध्वस्त, एनकाउंटर में गिरफ्तारी

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा) रुद्रपुर/गदरपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लंबे समय से वांछित चल रहे शातिर तस्कर शाकिर अली उर्फ नक्टा को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को चेकिंग के दौरान कलकत्ती खानपुर तिराहे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास उसे घेर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला उस समय सामने आया था जब 24 जनवरी को ANTF कुमाऊं यूनिट ने करतारपुर रोड से एक नाबालिग को स्कूटी समेत पकड़ा था। तलाशी में स्कूटी से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह नशा उसके पिता शाकिर और मां द्वारा सप्लाई के लिए दिया गया था। इस आधार पर गदरपुर थाने में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने ही नाबालिग बच्चों से स्मैक की डिलीवरी करवाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
शाकिर उर्फ नक्टा के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और NDPS समेत कई गंभीर मामलों में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

