Breaking News

पुलिस महानिदेशक ने की राज्यव्यापी कानून–व्यवस्था एवं अग्नि सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा एक सप्ताह में सभी प्रतिष्ठानों का त्वरित फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश

पुलिस महानिदेशक ने की राज्यव्यापी कानून–व्यवस्था एवं अग्नि सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा
एक सप्ताह में सभी प्रतिष्ठानों का त्वरित फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश

देहरादून:  प्रदेश में अग्नि सुरक्षा, कानून व्यवस्था और चारधाम यात्रा की तैयारियों को मज़बूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊँ रेंज सहित सभी जनपदों, रेलवे और STF के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

अग्नि सुरक्षा पर सख्त निर्देश

डीजीपी ने हाल ही में गोवा में हुए अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए राज्य में जन-सुरक्षा के लिए त्वरित एवं व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी क्रिसमस और नववर्ष की भीड़ को देखते हुए कैफे, पब, बार, होटल, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, इवेंट वेन्यू और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले सभी प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप जाँच अनिवार्य रूप से की जाए।

उन्होंने जिलाधिकारियों के समन्वय से हर जनपद में—

उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की सक्रियता और पर्याप्तता,

सार्वजनिक क्षेत्रों में स्थापित फायर हाइड्रेंटों की कार्यशीलता,

सभी प्रतिष्ठानों में आपातकालीन निकास मार्गों के स्पष्ट चिन्हिकरण और रख-रखाव,

तथा स्टाफ के अग्निशमन प्रशिक्षण
की नियमित और गहन जाँच करने के निर्देश दिए।

मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने को भी कहा गया।

शीतकालीन चारधाम यात्रा पर विशेष ध्यान

आगामी शीतकालीन चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था, मार्ग संचालन और यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए। डीजीपी ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी जनपद इसका विशेष ध्यान रखें।

अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

बैठक के दौरान गंभीर अपराधों के वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और पैरोल/जमानत पर रिहा बंदियों की समय पर कारागार वापसी को लेकर संचालित विशेष अभियान की समीक्षा की गई।
डीजीपी ने NDPS Act के तहत वाणिज्यिक मात्रा वाले सभी लंबित मामलों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करने तथा पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

साथ ही, अपराधियों की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाने को कहा।

पुलिसकर्मियों की पदोन्नति प्रक्रिया होगी तेज

पुलिस कर्मियों के हित में आगामी विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। डीजीपी ने कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को समय पर प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर PM और गृह मंत्री के विजन से अवगत कराया

बैठक के दौरान डीजीपी दीपम सेठ ने अखिल भारतीय डीजीपी/आईजी सम्मेलन–2025 में प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न आयामों, आतंकवाद-रोधी रणनीतियों तथा साइबर क्राइम रोकथाम पर दिए गए मार्गदर्शन से अधिकारियों को अवगत कराया।
उन्होंने सम्मेलन में प्रस्तुत सुझावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली को और मज़बूत करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.