रूद्रपुर से कुमाऊं यूनिवर्सिटी की जू-जित्सु टीम भोपाल रवाना, ऑल इंडिया प्रतियोगिता में दिखाएगी दम

रूद्रपुर। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की 23 सदस्यीय जू-जित्सु टीम को ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी जु-जित्सू प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भोपाल रवाना किया गया। जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए टीम को हरी झंडी दिखाई।
यह प्रतियोगिता 20 से 24 अप्रैल 2026 तक भोपाल स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।
इस मौके पर भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक विकास का भी मजबूत माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ मैदान में उतरकर कुमाऊं विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
कोच ऋषि पाल भारती के नेतृत्व में टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई। उन्होंने जानकारी दी कि टीम में 13 महिला और 10 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा दी, वहीं जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव विनय कुमार जोशी ने इसे खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच बताया।
इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार और जु-जित्सू एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने भी टीम को शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



