Breaking News

सरस मेले में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की गूंज, जागरूकता संग पोषण का संदेश

Share

सरस मेले में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की गूंज, जागरूकता संग पोषण का संदेश
ख़बरीलाल खोज ,(मनीश बावा)रुद्रपुर: शहर के गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले के अंतर्गत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ थीम पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं व महिलाओं के प्रति व्याप्त कुरीतियों को दूर करना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
गोष्ठी के दौरान द्रोण कॉलेज और यूनिटी लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का प्रभावशाली संदेश दिया। नाटक के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या, शिक्षा में भेदभाव और लैंगिक असमानता जैसे मुद्दों को उठाया गया।
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के डायटीशियन डॉ. अंशुल टंडन ने आयरन की कमी, कैल्शियम की आवश्यकता और संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पौष्टिक भोजन के जरिए एनीमिया जैसी समस्याओं से बचाव के उपाय भी बताए।
वहीं पंतनगर विश्वविद्यालय से डॉ. अर्चना कुशवाहा और डॉ. नीतू ने मिलेट और ग्लूटेन-फ्री आहार के फायदे समझाए तथा आधुनिक जीवनशैली में स्वस्थ खानपान की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में लगभग 150 लोगों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त पॉटरी स्टूडियो हल्द्वानी द्वारा मिट्टी के बर्तन और कलाकृतियां बनाने की लाइव कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आमजन को पारंपरिक कला से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर, बाल विकास परियोजना अधिकारी रुद्रपुर शहर आशा नेगी सहित सुपरवाइजर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।


Share
error: Content is protected !!