रूद्रपुर में गैस एजेंसियों पर सख्ती: फर्जी डिलीवरी मैसेज पर होगी FIR, कालाबाजारी पर कड़ा एक्शन

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर: रूद्रपुर में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर साफ चेतावनी दी कि गैस डिलीवरी में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने दो टूक कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के मोबाइल पर बिना सिलेंडर डिलीवर किए फर्जी डिलीवरी का मैसेज भेजा गया तो संबंधित के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए कि गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच कराई जाए।
उन्होंने एजेंसियों को सख्त आदेश दिए कि गैस बुकिंग के बाद तय समय में होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम से सिलेंडर न दिया जाए। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने आम जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और चेतावनी दी कि गलत अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं घरेलू और व्यवसायिक गैस की कालाबाजारी में शामिल लोगों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की बात कही गई।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी ने बताया कि जनपद में गैस की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी एजेंसियों को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से वितरण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 31 मार्च तक घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11616 और अवशेष 9392 है, जबकि व्यवसायिक गैस वितरण 404 और अवशेष 1366 है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय समेत कई गैस एजेंसी प्रबंधक मौजूद रहे, जबकि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।



