शिक्षा से सशक्तिकरण की ओर टाइटन का कदम, 306 छात्र-छात्राओं को मिला सहयोग
ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा )रुद्रपुर। टाटा समूह की प्रतिष्ठित कंपनी टाइटन ने शिक्षा और सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की। शनिवार को सिटी क्लब में आयोजित टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति वितरण समारोह में छात्रवृत्ति पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर कर उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह मिश्रा एवं खंड शिक्षा अधिकारी वेद आलम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने और सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए टाइटन के प्रयासों की सराहना की।

समारोह में टाइटन के सीएसआर प्रमुख जे.जे. डोमिनिक, प्रशासन प्रमुख स्क्वाड्रन लीडर रश्मि देवकुमार, ज्वेलरी डिवीजन के फैक्ट्री मैनेजर माराजन एम. तथा टाइटन वॉचेज के फैक्ट्री मैनेजर राजीव राजपूत मौजूद रहे। कंपनी के अधिकारियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
तीन से चार माह की चयन प्रक्रिया के बाद मिले छात्रवृत्ति के लाभार्थी
टाइटन की ओर से बताया गया कि छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों का चयन तीन से चार माह तक चलने वाली विस्तृत प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। इसमें आवेदन आमंत्रित करने से लेकर उनकी जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेजों का सत्यापन शामिल है। इस प्रक्रिया के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ देने का प्रयास किया जाता है।

बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर
टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से कंपनी विशेष रूप से बालिका शिक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता तथा सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विकास पर ध्यान दे रही है। कंपनी का मानना है कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस पहल को संचालित करने में सहयोगी संस्था आसरा और द हंस फाउंडेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में आसरा के सीईओ अमित बदोनी और द हंस फाउंडेशन की शिक्षा प्रमुख सोनल भी उपस्थित रहीं।
विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण का भी दिया संदेश
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को टाइटन की ‘पावर प्ले’ पहल के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा कंपनी की अन्य सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों और सतत विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
टाइटन प्रबंधन ने कहा कि कंपनी शिक्षा, बालिका सशक्तिकरण और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। छात्रवृत्ति के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।


