Breaking News

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, दो दिन में 738 चालान, 117 वाहन सीज, नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, दो दिन में 738 चालान, 117 वाहन सीज, नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा

रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हल्द्वानी के निर्देशन में 27 और 28 अक्टूबर को ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस एवं अन्य विभागों के सहयोग से चलाए गए दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 738 चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 117 वाहनों को सीज किया गया।

अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वालों पर विशेष शिकंजा कसा गया। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 201 कार्रवाई की गईं। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 192 चालान किए गए। ओवरलोडिंग के मामलों में 53 भार वाहनों और 47 यात्री वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नशे की हालत में वाहन चलाने के 21 मामले भी सामने आए।

परिवहन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, अभियान में यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से संबंधित 534 चालान भी दर्ज किए गए। विभाग का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

इस विशेष अभियान में प्रवर्तन दल रुद्रपुर के नवीन सिंह, सुतईया के जितेंद्र, हल्द्वानी के प्रमोद कर्नाटक, इंटरसेप्टर हल्द्वानी के पवन कुमार, इंटरसेप्टर दल के आनंद प्रकाश गुप्ता, सचल दल के गोविंद सिंह, मझोला के तारकेंद्र वैष्णव, इंटरसेप्टर काशीपुर के अनिल कुमार और सचल दल काशीपुर के सचिन कुमार सहित विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने भाग लिया।

परिवहन विभाग की दो टूक चेतावनी—नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने तथा ओवरलोडिंग से बचने की अपील की गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.