Breaking News

रजिस्ट्री बहाली की मांग को लेकर महापौर से मिले बराड़ नगर के लोग – समस्या के स्थाई समाधान का आश्वासन

रजिस्ट्री बहाली की मांग को लेकर महापौर से मिले बराड़ नगर के लोग
– समस्या के स्थाई समाधान का आश्वासन

रूद्रपुर। बराड़ नगर विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम में महापौर विकास शर्मा से मुलाकात कर लोक विहार कॉलोनी, अपना एनक्लेव, बराड़ नगर कॉलोनी, बराड़ एनक्लेव कॉलोनी एवं ओम विहार कॉलोनी की रजिस्ट्री पुनः शुरू करवाने की मांग की।

Advertisement

समिति ने महापौर को विस्तारपूर्वक जानकारी दी कि इन कॉलोनियों में लगभग 400 मकान पहले से निर्मित हैं और करीब 300 खाली प्लॉट हैं। वर्ष 2018 तक इन सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन उसके बाद प्रशासन ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी कर रजिस्ट्री व दाखिल-खारिज पर रोक लगा दी थी।

समिति ने इस निर्णय को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें संपत्ति की खरीद-फरोख्त, ऋण प्राप्ति, उत्तराधिकार प्रक्रिया और अन्य कानूनी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। समिति ने आग्रह किया कि प्रशासन से वार्ता कर इस प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से निरस्त कराया जाए।

महापौर विकास शर्मा ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र ही वार्ता करेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो वे इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित क्षेत्रवासियों की समस्याओं का स्थाई समाधान करने के लिए नगर निगम हरसंभव प्रयास करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा, भाजपा जिला मंत्री गजेंद्र प्रजापति, तथा समिति के सदस्य राजीव सक्सेना, नवाब सिंह, संजय चौधरी, लखविंदर चहल, के.वी. सिंह यादव, हरप्रीत सिंह, योगेश यादव, रणजीत सिंह, रिंकू चीमा, कर्मवीर रंधावा, राज बहादुर शर्मा, संजीव बांगा, सुरेंद्र यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.