Breaking News

महापौर ने फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड के निर्माण हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी को पत्र लिखा

महापौर ने फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड के निर्माण हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी को पत्र लिखा

 

 

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने फ्लाईओवर के दोनों ओर टूट चुकी सर्विस रोड तथा नालों के निर्माण हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग के हल्द्वानी कार्यालय को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। महापौर ने लोक निर्माण विभाग के काशीपुर कार्यालय को भी पत्र लिखकर मानपुर रोड पर दोनों ओर गैबिया नहर तक नाले निर्माण के लिए अनुरोध किया गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त क्षेत्र देखने में तो नगर निगम सीमा के अंदर दिखाई देते हैं लेकिन हकीकत में यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग ( एन एच) तथा राज्य लोक निर्माण विभाग के क्षेत्र में आते हैं जिस कारण इन क्षेत्रों से संबंधित निर्माण एवं मरम्मत भी इन्हीं विभागों द्वारा की जाती है।

 

महापौर दीपक बाली ने एन एच के हल्द्वानी कार्यालय को लिखे पत्र में अवगत कराया है कि काशीपुर के मुख्य चौराहे पर बने फ्लाई ओवर के दोनों ओर की सर्विस रोड बुरी तरह टूट चुकी है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती है। साथ ही इस क्षेत्र में स्थित नाले क्रियाशील नहीं है जिन्हें क्रियाशील किया जाए और जहां पर नए नालो की आवश्यकता है वहां नालों का निर्माण किया जाए क्योंकि जल भराव होने से आसपास के दुकानदार राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले लोग तथा आसपास की बस्तियों के निवासी बहुत परेशानी भरा जीवन जी रहे हैं। महापौर श्री बाली ने लोक निर्माण विभाग काशीपुर के अधिशासी अभियंता से कहा है कि गुरुद्वारा रोड पर एक रिसॉर्ट के सामने जहां नाले पर गैबिया से होकर ढेला में जाने वाले पानी की निकासी होती है वहां रिसोर्ट के सामने बहुत ही संकरी स्थिति है जिससे पानी सड़कों पर भरने के साथ-साथ बांई और की बस्तियों में भी भर जाता है और जल भराव की भयंकर स्थिति से लोगों को रूबरू होना पड़ रहा है अतः इस संकरी जगह पर भी पानी के निकास के सकरे मार्ग को चौडा करके बनाया जाए। महापौर ने लोक निर्माण विभाग से यह भी कहा है कि मानपुर रोड पर मार्ग के दोनों और तीन से चार फीट तक जल भराव हो जाने से आवागमन के साथ-साथ आसपास की बस्तियों के लोगों को बहुत परेशानी हो रही है लिहाजा स्टेडियम रोड से मानपुर तिराहा होते हुए गैबिया नहर तक दोनों और नाला निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है और इससे जल भराव की समस्या का समाधान हो जाएगा जिससे वार्ड संख्या 35, 39 और 40 के नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। इन वार्डो के पार्षद एवं जनता आए दिन नाले निर्माण की मांग करती रहती है। उन्होंने विभाग से यह भी कहा है कि मानपुर रोड पर जिन जगहों पर पूर्व में सड़क के दोनों ओर नाले बने हुए है वहां अतिक्रमण करके उनको ढक दिया गया है जिस कारण सफाई न होने से यह नाले जल भराव की समस्या का एक मुख्य कारण बने हुए हैं लिहाजा विभाग नालो को अतिक्रमण मुक्त कराए ताकि उनकी सफाई होती रहे और जनता को जल भराव की समस्या से न जूझना पड़े। महापौर ने लिखे गए पत्रों के संबंध में विभागों से यह भी अनुरोध किया है कि वह उक्त बिंदुओं के संदर्भ में जनहित में जो कार्रवाई करें उसके बारे में उन्हें भी अवगत करादें।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.