रामपुर का फिरोज गांधी निकला चेन स्नेचिंग का सरगना, पूर्व मुठभेड़ में पैर में लगी थी गोली

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
बीते दिनों मुखानी थाना क्षेत्र के धार बिठौरिया नंबर-एक निवासी बीना पाठक, देवभूमि सैनिक कॉलोनी पीपल पोखरा फतेहपुर निवासी 75 वर्षीय कमला देवी और पीरू मदारा रामनगर निवासी विजयलक्ष्मी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिए थे। आरोपी महिलाओं से सामान लेने या पता पूछने के बहाने पास आते और अचानक वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने करीब 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल संख्या HR 29 AF 2325 से आरोपियों के कालाढूंगी से हल्द्वानी आने की सूचना मिली। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी (36 वर्ष) पुत्र नंदराम, निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, जिला रामपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने मुखानी और रामनगर में हुई तीनों घटनाओं को स्वीकार किया है। उसने बताया कि वह और उसका साथी दोबारा वारदात को अंजाम देने हल्द्वानी आ रहे थे, लेकिन पुलिस चेकिंग में पकड़े गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



