नशा तस्करों पर शिकंजा: 25 डिब्बों में 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा) रुद्रपुर/किच्छा। उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प को पूरा करने के लिए उधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 की देर रात किच्छा कोतवाली क्षेत्र के डीडी चौक के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक Hyundai Exter कार (UK06BM 9002) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 25 डिब्बों में कुल 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से मो. शाहबाज (21 वर्ष) निवासी सिरोली कला थाना पुलभट्टा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत कोतवाली किच्छा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से 51000 रुपये नकद, एक वीवो मोबाइल फोन और कार भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह नशीली दवा उसके बड़े भाई रईस अहमद द्वारा बरेली से लाई गई थी, जिसे वह अपने घर से लेकर जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू और एएनटीएफ प्रभारी राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
👮♂️ पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू, निरीक्षक राजेश पाण्डेय (एएनटीएफ), उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक जोशी, हेड कांस्टेबल भुवन चंद्र पांडेय, हेड कांस्टेबल नरेंद्र कन्याल, हेड कांस्टेबल हेमचंद्र तथा कांस्टेबल विनोद खत्री शामिल रहे।



