गैस एजेंसी में ‘भूतिया कनेक्शन’ का खेल, उपभोक्ता को नहीं जानकारी, सिलेंडर जारी

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर : एक उपभोक्ता को बिना गैस बुक किए ही सिलेंडर की डिलीवरी का मैसेज मिलने से गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला रुद्रपुर दुआ गैस एजेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है।
उपभोक्ता के मुताबिक उसने गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराई थी, लेकिन उसके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज आ गया। जब उपभोक्ता एजेंसी पहुंचा और इसकी जानकारी ली तो कर्मचारियों ने दो चार दिन बाद सिलेंडर देने की बात कहकर उसे इंतजार करने को कहा।
आरोप है कि उपभोक्ता द्वारा दोबारा पूछताछ करने पर एजेंसी कर्मचारियों ने मामले को टालने की कोशिश की और इसे “ऑटो मोड” का मामला बताकर बात खत्म करने का प्रयास किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद उपभोक्ताओं के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं गैस कनेक्शनों को लेकर कोई बड़ा खेल तो नहीं चल रहा।
सूत्रों के अनुसार एजेंसी में कई ऐसे कनेक्शन भी बताए जा रहे हैं जिनकी जानकारी खुद उपभोक्ताओं को नहीं है, जबकि उनका इस्तेमाल किसी और तरीके से किया जा रहा है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रशासन को गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओ के नाम पर जारी कनेक्शनों और सिलेंडर वितरण की जांच करानी चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि कहीं कनेक्शन कम और रिकॉर्ड में ज्यादा तो नहीं दिखाए जा रहे।
उपभोक्ता का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।



