Breaking News

फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, एसएसपी अजय गणपति ने शुरू कराया विशेष सत्यापन अभियान

फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, एसएसपी अजय गणपति ने शुरू कराया विशेष सत्यापन अभियान
रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अब निर्णायक कार्रवाई की तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों से जारी किए गए शस्त्र लाइसेंसों की भी गहन जांच करेंगी।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने, बनवाने या उनका प्रयोग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक संदिग्ध लाइसेंस का सत्यापन कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जनपद में अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से काशीपुर पुलिस ने 9 और कुण्डा पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए काशीपुर सेक्टर, रुद्रपुर सेक्टर और बाहरी जनपद/गैर-प्रांत सत्यापन टीम का गठन किया गया है। ये टीमें लाइसेंसों की वैधता, जारी करने वाले प्राधिकरण और संबंधित अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेंगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जनपद पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.