मुख्यमंत्री धामी के पिता के श्राद्ध पर कांग्रेस की टिप्पणी से भड़के भाजपाई
भाजपा प्रवक्ता गुरुविंदर सिंह चंडौक बोले- कांग्रेस राजनीतिक विरोध में मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुकी
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने दिवंगत पिता का विधि-विधान से श्राद्ध और तर्पण किए जाने को लेकर कांग्रेस की कथित टिप्पणी पर भाजपा नेताओं में आक्रोश है। भाजपा प्रवक्ता गुरुविंदर सिंह चंडौक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति की निजी आस्था और दिवंगत माता-पिता से जुड़े संस्कारों का उपहास करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
चंडौक ने कहा कि श्राद्ध सनातन संस्कृति में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और सम्मान का पवित्र संस्कार है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने पिता की स्मृति में पूरे विधि-विधान से श्राद्ध और तर्पण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास सरकार के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों का जवाब नहीं है, इसलिए वह व्यक्तिगत और धार्मिक विषयों को राजनीतिक विवाद बनाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक विरोध के नाम पर बहुत नीचे गिर चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या सत्ता और राजनीति के विरोध में अब परिवार और धार्मिक आस्था भी निशाना बनेंगे? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना होनी चाहिए, लेकिन दिवंगत परिजनों और धार्मिक परंपराओं का मजाक उड़ाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सनातन परंपराओं और संस्कारों का सम्मान करती है। कांग्रेस को चाहिए कि वह व्यक्तिगत आस्था पर टिप्पणी करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखे।


