Breaking News

साइबर ठगों के जाल से बचने का पुलिस ने सिखाया गुर, छात्र-छात्राओं को किया सतर्क

साइबर ठगों के जाल से बचने का पुलिस ने सिखाया गुर, छात्र-छात्राओं को किया सतर्क

गदरपुर पुलिस ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान, एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

गदरपुर। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर थाना पुलिस ने विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों से सावधान रहने की सीख दी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि डिजिटल युग में थोड़ी सी लापरवाही उन्हें साइबर ठगों का शिकार बना सकती है। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी नौकरी के प्रस्ताव, ऑनलाइन गेमिंग, लॉटरी और इनाम के लालच में आकर लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा सकते हैं।

पुलिस ने छात्र-छात्राओं को आगाह किया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड न बताएं। सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान की पुष्टि करें। साथ ही निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें।

साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दें।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचाना है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.