Breaking News

विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी का आरोप, इमिग्रेशन ऑफिस से संचालक गिरफ्तार

विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी का आरोप, इमिग्रेशन ऑफिस से संचालक गिरफ्तार

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक इमिग्रेशन कार्यालय के संचालक को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपये, पासपोर्ट और शैक्षिक दस्तावेज लिए गए, लेकिन न तो नौकरी के लिए विदेश भेजा गया और न ही दस्तावेज वापस किए गए।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सहदौरा, पोस्ट बरा, थाना पुलभट्टा निवासी शमशेर पुत्र रहीश अहमद ने 24 अक्टूबर 2026 को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि प्रीत विहार, रुद्रपुर निवासी मोहम्मद अलीम ने आवास विकास स्थित चार साहिबजादे चौक पर अपने कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।

आरोप है कि शमशेर ने अपने बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने के लिए उसका कंप्यूटर डिप्लोमा, मार्कशीट, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये जमा कराए थे। इसके बावजूद उनके बेटे को विदेश नहीं भेजा गया और न ही वीजा, परमिट तथा प्रमाणपत्र वापस किए गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को सौंपी। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अलीम (29) को उसके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा और हेड कांस्टेबल मनोज बोरा शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.