Breaking News

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे को दी गयी भावभीनी विदाई,उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए हुआ भव्य सम्मान

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे को दी गयी भावभीनी विदाई,उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए हुआ भव्य सम्मान

ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे का रुद्रपुर से नैनीताल स्थानांतरण होने पर नगर निगम सभागार में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महापौर विकास शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों, महिला स्वयं सहायता समूहों, पार्षद संघ एवं सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने शिप्रा जोशी पाण्डे को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पीसीएस अधिकारी शिप्रा जोशी पाण्डे का रुद्रपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के रूप में लगभग साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल रहा। उन्होंने 2023 में उपनगर आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था। 16 अक्टूबर 2025 को उन्हें नगर आयुक्त का पद पर पदोन्नत किया गया। उनके कार्यकाल के दौरान नगर निगम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा, नगर विकास और प्रशासनिक कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उनके कार्यकाल में नगर निगम रुद्रपुर को हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जो नगर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। इसके अलावा नगर निगम को सुंदरलाल बहुगुणा पुरस्कार और स्कॉच अवार्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हुए।

विदाई समारोह में महापौर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि शिप्रा जोशी पाण्डे एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार, संवेदनशील और जिम्मेदार अधिकारी हैं। आज उनकी विदाई का यह पल भावुक करने वाला है। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया। नगर निगम जैसे बहुआयामी संस्थान में प्रत्येक दिन नई चुनौतियां होती हैं, लेकिन उन्होंने अपनी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के साथ इन चुनौतियों का सामना किया। उनके कार्यकाल में नगर निगम रुद्रपुर ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो शहर की पहचान और प्रतिष्ठा को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत करती हैं।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे रुद्रपुर के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत और शहरवासियों की सहभागिता का प्रमाण है। शिप्रा जोशी मार्गदर्शन में नगर निगम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम सामने आया। सुंदरलाल बहुगुणा पुरस्कार और स्कॉच अवार्ड जैसी उपलब्धियां भी उनके कार्यकाल में नगर निगम की कार्यक्षमता और विकास कार्यों की गुणवत्ता को प्रमाणित करती हैं।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शिप्रा जोशी पाण्डे का कार्यकाल रुद्रपुर नगर निगम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य किया और नगर निगम की उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सादगी, व्यवहार कुशलता, अनुशासन और कार्यों के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी रहा है। एक अधिकारी के रूप में उन्होंने न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, बल्कि निगम परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ आत्मीयता और सम्मान का व्यवहार भी बनाए रखा।

महापौर ने आगे कहा कि नगर निगम की उपलब्धियां किसी एक अधिकारी या जनप्रतिनिधि की व्यक्तिगत सफलता नहीं होतीं, बल्कि यह पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती हैं। शिप्रा जोशी पाण्डे ने अपने कार्यकाल में टीम को साथ लेकर काम किया और सभी को जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया। उनके साथ काम करने का अनुभव नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नैनीताल में भी शिप्रा जोशी पाण्डे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच से नई उपलब्धियां हासिल करेंगी और वहां भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाएंगी। महापौर ने उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुद्रपुर नगर निगम परिवार के साथ उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।

विदाई समारोह में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे भावुक हो गयी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रुद्रपुर में उनका लगभग साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल बेहद यादगार रहा। इस दौरान उन्हें महापौर, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और निगम से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त होना पूरे निगम परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। इस उपलब्धि का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि नगर निगम की पूरी टीम को जाता है। प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी ने अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन किया, तभी नगर निगम इस मुकाम तक पहुंच सका।

उन्होंने कहा कि नगर निगम में काम करना अन्य विभागों की तुलना में एक अलग और व्यापक अनुभव है। नगर निगम एक बहुआयामी संस्था है, जहां राजस्व, निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याण, शहरी विकास और जनसमस्याओं के समाधान जैसे अनेक कार्य एक साथ संचालित होते हैं। यहां कार्य करने से प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज और शहर की विभिन्न जरूरतों को करीब से समझने का अवसर मिलता है। रुद्रपुर नगर निगम में मिला अनुभव उनके जीवन और भविष्य के कार्यकाल में भी उपयोगी रहेगा। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्रपुर में बिताया गया समय और यहां के लोगों का सहयोग हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा।

समारोह का संचालन मनोज कर्नाटक ने किया। इस अवसर पर पार्षद संघ अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पीयूष रंजन, राजू नवियाल, पार्षद चिराग कालरा, महेंद्र शर्मा, वीनू, शुभम कुमार, परवेज आलम, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, कमल तिवारी, प्रशांत जौहरी, हेमंत, आशीष, कुलदीप, विनोद कुमार, महेश पाण्डे, मुकेश राजौरिया, सुनील वाल्मीकि, मनोज, उमेद, शिखर ओझा, शुभम, ममता आर्या, रेनू शर्मा सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.