एक ही रात में पांच थाना क्षेत्रों की शराब दुकानों में चोरी, गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस को बड़ी सफलता, गाजियाबाद से दबोचा मुख्य आरोपी; वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार बरामद
ख़बरीलाल खोज(मनीश बावा)रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में एक ही रात के दौरान शराब की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के मुख्य षड्यंत्रकारी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के लाइसेंसधारी मुन्ना सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इसी रात गैंग ने सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्रों में स्थित शराब की दुकानों को निशाना बनाया था। लगातार हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने एसपी रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सभी घटनाओं में एक ही गैंग की संलिप्तता सामने आई। फुटेज में वारदातों के दौरान मारुति सुजुकी बलेनो कार का इस्तेमाल होता दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि गैंग ने नैनीताल जनपद के हल्द्वानी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों के फोटो तैयार कर उत्तर प्रदेश सहित सीमावर्ती जनपदों में भेजे गए। जांच में आरोपियों के गाजियाबाद का निवासी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और मुख्य आरोपी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और उसके साथी कार्तिक शर्मा व अतुल त्यागी के साथ मिलकर शराब की दुकानों में चोरी करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनका विवरण जुटाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
गिरफ्तारी टीम : उपनिरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।





