Breaking News

नारी सम्मान पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, राजकुमार ठुकराल के वॉइस सैंपल को लेकर राजेश शुक्ला ने उठाए सवाल

नारी सम्मान पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, राजकुमार ठुकराल के वॉइस सैंपल को लेकर राजेश शुक्ला ने उठाए सवाल

बोले– ऑडियो एआई जनरेटेड है तो वॉइस सैंपल देने में परेशानी क्यों? कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मांगा जवाब

 

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)किच्छा। भाजपा उत्तराखंड प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने रुद्रपुर के कॉंग्रेस नेता पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और वरिष्ठ भाजपा नेत्री मीना शर्मा से जुड़े प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर देश और प्रदेश में नारी सम्मान एवं महिला अस्मिता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर अपने राजनीतिक हितों के लिए अपनी ही वरिष्ठ महिला नेत्री की आपत्तियों को नजरअंदाज करती है। यह कांग्रेस के दोहरे राजनीतिक चरित्र को दर्शाता है। शुक्ला ने कहा कि वह इस प्रकरण में किसी को दोषी अथवा निर्दोष घोषित नहीं कर रहे हैं, लेकिन चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आए। राजकुमार ठुकराल संबंधित ऑडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए अपनी आवाज होने से इनकार कर चुके हैं, जबकि मीना शर्मा लगातार इसे उनकी आवाज बता रही हैं। उन्होंने कहा कि मीना शर्मा ने लगभग एक वर्ष पूर्व इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई थी और राजकुमार ठुकराल को कांग्रेस में शामिल किए जाने के दौरान भी अपनी आपत्ति जताई थी।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजकुमार ठुकराल को वॉइस सैंपल देने के लिए डेढ़ महीने के भीतर दो बार कहा जा चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि संबंधित ऑडियो एआई जनरेटेड है, तो वॉइस सैंपल देने में परेशानी क्या है? उन्होंने कहा कि जांच में सहयोग करने से सच्चाई सामने आएगी और सभी संदेह दूर होंगे।

शुक्ला ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल करते हुए कहा कि जो नेता अक्सर नारी अस्मिता और महिला सम्मान की बात करते हैं, उन्हें इस प्रकरण पर भी अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व स्वयं आगे आकर राजकुमार ठुकराल का वॉइस सैंपल दिलवाने की पहल करे, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

प्रेस वार्ता में उन्होंने जैनी प्रकरण का उल्लेख करते हुए भी कांग्रेस की नैतिक जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब संबंधित महिला स्वयं सामने आकर आरोप लगा चुकी हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व को निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अपने स्तर पर भी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए थी। महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार अलग-अलग रवैया अपनाना उचित नहीं है। शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में शब्दों की मर्यादा और महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध लगे आरोपों का निर्णय जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान केवल राजनीतिक भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राजनीतिक दलों के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने आचरण और निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.