लीलाधर की निर्मम हत्या पर प्रमोद मित्तल ने जताया गहरा दुख, पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
अपराधियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई हो कि भविष्य में अपराध करने से पहले सौ बार सोचें – प्रमोद मित्तल
ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में लीलाधर की निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना पर भाजपा जिला मंत्री एवं पंतनगर मंडल प्रभारी प्रमोद मित्तल एडवोकेट ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।
घटना की सूचना मिलते ही प्रमोद मित्तल तत्काल कोतवाली रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रमोद मित्तल ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को लेकर प्रतिबद्ध है। ऐसे में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने ऊधम सिंह नगर के एसएसपी श्री मणिकांत मिश्रा से मांग की कि हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति अपराध करने से पहले सौ बार सोचे। आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रमोद मित्तल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करते रहेंगे।





