Breaking News

मकर संक्रांति पर खटीमा को 33 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने किया हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का लोकार्पण

मकर संक्रांति पर खटीमा को 33 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने किया हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का लोकार्पण
खटीमा: मकर संक्रांति और घुघुतिया पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को 33 करोड़ 36 लाख 49 हजार रुपये की लागत से तैयार 9 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 11 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया।मकर संक्रांति पर खटीमा को 33 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने किया हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का लोकार्पण
इसके साथ ही नगर पालिका खटीमा के वार्ड संख्या 7 व 8 में 48.45 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेयजल नलकूप, ओवरहेड टैंक व पाइपलाइन कार्यों, नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में 490.21 लाख रुपये की लागत से राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक के आवासीय भवनों तथा 359.91 लाख रुपये की लागत से उपनिरीक्षक कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया गया। वहीं खटीमा के ग्राम मझोला में झील से पॉलिगंज की ओर 225.62 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र में 499.65 लाख रुपये की लागत से 300 हैंडपंप स्थापना, 29.65 लाख रुपये की लागत से बस अड्डे में महाराणा प्रताप द्वार, 24.50 लाख रुपये की लागत से हाईटेक शौचालय तथा 95 लाख रुपये की लागत से थारू इंटर कॉलेज खटीमा के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही नानकमत्ता क्षेत्र में बाला जी मंदिर सौंदर्यीकरण, ब्रह्मदेव मंदिर व देवभूमि धर्मशाला के विकास तथा सोनूखरी–किशनपुर–बरकीडांडी–कैथुला–टुकड़ी मार्ग के हॉटमिक्स सड़क निर्माण की भी घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनके लिए सिर्फ एक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका घर और परिवार है। उन्होंने कहा कि खटीमा से ही उनकी जनसेवा की यात्रा शुरू हुई और आज मुख्यसेवक के रूप में क्षेत्र को यह बस स्टेशन समर्पित करना उनके लिए भावनात्मक क्षण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह हाईटेक बस स्टेशन न केवल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने अवैध अतिक्रमण, लैंड जिहाद, नकल माफिया और दंगों की राजनीति पर सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार देवभूमि की अस्मिता और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने नवनिर्मित बस अड्डे को मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के विकास मॉडल का अन्य राज्य भी अनुकरण कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश चंद्र जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.