Breaking News

काशीपुर किसान सुखवंत सिंह प्रकरण में मुख्यमंत्री धामी का आश्वासन—जांच में नहीं होगी कोई ढिलाई, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

काशीपुर। काशीपुर के किसान स्व. सुखवंत सिंह की मृत्यु के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिजनों को न्याय का स्पष्ट भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण की जांच में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को स्व. सुखवंत सिंह के भाई परविंदर सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। दिवंगत किसान के पिता एवं अन्य परिजनों की मौजूदगी में हुई बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कुमाऊं आयुक्त को मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आमजन के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम किया है और इस मामले में भी दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही पीड़ित परिवार से स्वयं मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा देंगे।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.